घुसपैठियों के समर्थन में एसआईआर का विरोध कर रही है कांग्रेस और इंडी गठबंधन : जयराम ठाकुर
‘जनादेश से हारे तो अराजकता के सहारे’ मॉडल से सत्ता हथियाना चाहते हैं राहुल गांधी
कैंसर की 397 दवाओं के दामों में 93 प्रतिशत तक कमी के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार
शिमला : शिमला से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ घुसपैठियों के समर्थन में एसआईआर का विरोध कर रही है। शुद्ध मतदाता सूची हर देशवासी का अधिकार है और संवैधानिक तरीके से मतदाता सूची का शुद्धिकरण होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस को इसमें भी समस्या है। इसीलिए वह देश में अराजकता का माहौल उत्पन्न करना चाहती है। पहले भी देश में अशांति फैलाने की कोशिश की गई, लेकिन केंद्र सरकार की सजगता और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से ऐसी कोशिशें कामयाब नहीं हो पाईं। अब फिर से इस प्रकार का माहौल उत्पन्न करने की कोशिश की जा रही है। देश के लोग यह समझ चुके हैं, इसलिए कांग्रेस की कोशिशें कामयाब नहीं होंगी। कांग्रेस को समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलकर नहीं, बल्कि चुनाव जीतकर ही कोई प्रधानमंत्री बन सकता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अपने एक नेता को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश में कांग्रेस अब देश की अमन-शांति के साथ खिलवाड़ कर रही है। इसीलिए वह ऐसे लोगों को आगे बढ़ा रही है, जो देश में रिजीम चेंज करने और भारत को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसा बनाने की बात करते हैं। वे लोग यह भूल रहे हैं कि भारत एक प्राचीन सभ्यता वाला देश है और देश के लोग उनके बहकावे में नहीं आएंगे। देश में दुनिया के सबसे सक्षम और ताकतवर नेताओं में से एक नरेंद्र मोदी का शासन है, जिन पर पूरा देश भरोसा करता है। किसी भी हाल में देश के लोग अराजकता और देश की संपत्ति के नुकसान को बर्दाश्त नहीं कर सकते। इसलिए वे कांग्रेस और इंडी गठबंधन के झांसे में नहीं आने वाले। कांग्रेस हमेशा झूठ बोलकर, अफवाह फैलाकर, अराजकता पैदा करके और आपातकाल लगाकर सत्ता में बने रहने की कोशिश करती रही है। वह दौर चला गया। आज देश में अपने वादों को समय से पहले पूरा करने वाले नरेंद्र मोदी का सेवाकाल चल रहा है, जिन पर पूरा देश भरोसा करता है। अपने सेवा, समर्पण और देशवासियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही उन्होंने जनसेवक के रूप में 25 वर्षों से अधिक समय तक निरंतर जनसेवा की है। प्रधानमंत्री के रूप में निर्वाचित नेताओं में उनका सेवाकाल सबसे लंबा रहा है। उनकी लोकप्रियता और जनहित के प्रति समर्पण से ही कांग्रेस सबसे ज्यादा परेशान है।
कैंसर की 397 दवाओं के दामों में 93 प्रतिशत तक कमी के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार,
जयराम ठाकुर ने कैंसर रोधी 397 दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक की कमी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर और खर्चीली बीमारी का इलाज मरीजों के साथ पूरे परिवार के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती होता है। ऐसे में दवाओं की कीमतों में कमी मरीजों को आर्थिक राहत देने के साथ बीमारी से लड़ने का नया हौसला देगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जन औषधि केंद्रों से सस्ती दवाएं, आयुष्मान भारत से उपचार की सुविधा और कैंसर की दवाओं पर सीमा शुल्क में राहत जैसे कदमों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 के बजट में तीन प्रमुख कैंसर रोधी और वर्ष 2025-26 के बजट में 36 जीवनरक्षक दवाओं से पूरी तरह सीमा शुल्क समाप्त किया। हिमाचल समेत देश भर में टर्सरी कैंसर सेंटर का जाल बिछ रहा है। कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला अस्पतालों में अगले तीन वर्षों में 200 डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित करने की घोषणा भी की गई। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर बीमारियों का उपचार आसान बनाया है। सस्ती दवाओं, बेहतर उपचार सुविधाओं और मरीजों पर आर्थिक बोझ कम करने के ये प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाते हैं।









