कुल्लू दशहरा को लेकर तैयारियां तेज, कारोबारियों को प्लॉट आवंटन शुरू
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव को लेकर कुल्लू घाटी में तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्सव में देशभर से पहुंचने वाले कारोबारियों के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। उत्सव स्थल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कारोबारियों को प्लॉट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इसके बाद निर्धारित तिथियों में प्लॉट नहीं ले पाने वाले कारोबारियों के लिए शेष बचे प्लॉट उपलब्ध करवाए जाएंगे। दशहरा उत्सव के लिए देश के विभिन्न राज्यों से कारोबारी कुल्लू पहुंचने लगे हैं, जिससे उत्सव स्थल पर भी रौनक बढ़ने लगी है।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति, परंपराओं और लोक आस्था का प्रमुख उत्सव है। हर वर्ष इस उत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में कारोबारी और लोग पहुंचते हैं। दशहरा उत्सव के नजदीक आते ही घाटी में उत्सव का माहौल बनने लगा है और कारोबारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।








